हिंदी कार्यशाला : कार्यालयीन कार्य में हिंदी का प्रयोग: चुनौतियाँ और समाधान
राष्ट्रीय नवप्रवर्तन प्रतिष्ठान–भारत में दिनांक 24 मार्च 2026 को प्रेरणादायी हिंदी कार्यशाला का सफल आयोजन हुआ। इस अवसर पर संस्थान के सभी साथीगण उपस्थित रहे, वहीं शाखा कार्यालयों से जुड़े साथियों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ निदेशक महोदय डॉ. अरविंद रानडे जी के प्रेरक उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सभी साथियों से आग्रह किया कि वे दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का प्रयोग बढ़ाएँ और इसे सहज रूप से अपनाएँ। इसके पश्चात् राजभाषा कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष डॉ. नितिन मौर्य जी ने हिंदी को कार्यालयी कामकाज और जनसंपर्क का सशक्त माध्यम बताते हुए ड्राफ्टिंग, नोटिंग तथा शोध लेखों को द्विभाषी रूप में तैयार करने पर बल दिया। साथ ही, सह-अध्यक्ष महोदय श्री हरदेव चौधरी जी ने हिंदी के प्रयोग को सरल बनाने हेतु व्यावहारिक उपाय सुझाए और हिंदी के प्रचार-प्रसार में नवीन टूल्स के उपयोग पर विचार-विमर्श किया। कार्यशाला के दौरान वातावरण उत्साहपूर्ण रहा, सभी साथीगण प्रसन्नचित्त दिखाई दिए और इच्छुक प्रतिभागियों ने अपने विचारों एवं रचनाओं को साझा कर कार्यक्रम को और भी जीवंत बनाया।





